खगड़िया, मार्च 13 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अधिकारियों को प्रगति यात्रा के दौरान स्वीकृत विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और सात निश्चय-2 और सात निश्चय-3 के तहत कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में खगड़िया नगर परिषद के वार्ड नंबर-39 में स्थित संसारपुर मैदान में जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान खगड़िया के जिलाधिकारी नवीन कुमार ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। उन्होंने निर्देश दिया कि सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें।
श्री कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले, बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिल सके एवं उनका भविष्य सुरक्षित हो। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप नीति बनाई गई है, जिससे युवा अपना रोजगार शुरू कर सकें। राज्य के युवा दक्ष और सक्षम हों इसके लिए सरकार काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित