समस्तीपुर , जनवरी 29 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को समृद्धि यात्रा के दौरान समस्तीपुर जिले में 827 करोड़ रुपये की लागत से 188 योजनाओं का उद्घाटन, कार्यारंभ एवं शिलान्यासकिया।
मुख्यमंत्री ने श्री कुमार ने आज आज समृद्धि यात्रा के क्रम में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के परिसर में रिमोट के माध्यम से शिलापट अनावरण कर समस्तीपुर जिले के लिए 470 करोड़ रुपये की 71 योजनाओं का शिलान्यास, 273 करोड़ रुपये की 74 योजनाओं का उद्घाटन एवं 84 करोड़ रुपये की 43 योजनाओं का कार्यारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में समस्तीपुर जिले में विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।इससे पहले विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव डॉ. प्रतिमा ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
श्री कुमार ने सरायरंजन स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, समस्तीपुर के परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री कुमार ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, समस्तीपुर के परिसर में एमेनिटी भवन का शिलापट अनावरण कर उद्घाटन किया और वहां जलपानगृह सह व्यायामशाला की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक भवन के प्रथम तल का जायजा लिया। उन्होंने स्मार्ट क्लासरूम्, प्रोजेक्ट लैब, भाषा प्रयोगशाला, नेटवर्क लैब का निरीक्षण किया। क्लास में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं से मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बातचीत की। इसके बाद श्री कुमार भाषा प्रयोगशाला पहुंचे जहां शिक्षकों ने बताया कि यहां पर विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय भाषाएं बच्चों को सिखाई जाती हैं। वहां उपस्थित छात्रा ने मुख्यमंत्री का फ्रेंच और अंग्रेजी भाषा में स्वागत किया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने इसके बादराजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय परिसर में लगाए गए स्थानीय स्टार्टअप, इनोवेशन स्टॉल एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री श्री कुमार ने जीविका दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों को देखा तथा उसकी प्रशंसा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित