पटना, मार्च 17 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में भागलपुर जिले में 442 करोड़ रुपये की 144 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
श्री कुमार ने आज भागलपुर जिला अंतर्गत जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी में 442 करोड़ रुपये की लागत से 144 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 171 करोड़ रुपये की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन तथा 271 करोड़ रुपये की लागत से 56 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने भागलपुर जिला अंतर्गत भागलपुर गोराडीह मार्ग पर भागलपुर बौंसी रेलवे लाइन पर पहुंच पथ सहित आरओबी के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
इन योजनाओं में सुल्तानगंज नगर परिषद् अंतर्गत जहाज घाट के निकट रेलवे की 17 एकड़ 47.62 डिसमिल भूमि पर पर्यटकीय दृष्टिकोण से सुविधाओं का विस्तार, फतेहपुर चेकडैम का निर्माण कार्य, नवगछिया अनुमंडल में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य, भागलपुर जिले में कैंसर के इलाज हेतु कैंसर संस्थान की स्थापना, 11 प्रखंडों (बिहपुर, शाहकुंड, कहलगांव, सबौर, नवगछिया, सन्हौला, पीरपैंती, गोराडीह, नारायणपुर, इस्माईलपुर, नाथनगर) में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन एवं आवासीय परिसर का निर्माण, सुल्तानगंज भागलपुर जिलान्तर्गत अवस्थित ग्रीनफील्ड अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कार्य, प्रखंड गोराडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत अगरपुर माछीपुर में अन्तर्राज्यीय आधुनिक बस अड्डा का निर्माण, गोराडीह प्रखंड में उपलब्ध सरकारी भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र का विकास, एस०एम० कॉलेज से मिरजानहाट पथ पर आरओबी (भोलानाथ पुल) के निर्माण कार्य शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित