पटना , मार्च 07 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को अधिकारियों को पटना जिले के बख्तियारपुर में विभिन्न निर्माणाधीन विकास योजनाओं को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार आज पटना जिलान्तर्गत बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को बताया कि निर्माणाधीन 2 लेन आरओबी का निर्माण कार्य इस महीने पूर्ण हो जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एनएच- 30 एवं एसएच-106 को जोड़ने वाले इस रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करें। इस योजना के पूर्ण होने से पटना-बख्तियारपुर पुराना पथ (एसएच-106) तथा पटना-बख्तियारपुर नया फोर लेन (एनएच-30) आपस में जुड़ जायेंगे, जिससे दोनों तरफ के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी और समय की बचत होगी। उन्होंने कहा कि बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज की कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा यातायात सुगम होगा। उन्होंने कहा कि बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज तथा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को पुराने एवं नये दोनों पथों से सीधी सम्पर्कता हो जायेगी, जिससे छात्रों एवं शिक्षकों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने इसके बाद गणेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बख्तियारपुर के नये भवन के निर्माण कार्य कार्य का भी जायजा लिया। यह भवन पांच मंजिला बनाया गया है, जिसमें 45 वर्ग कक्ष हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री श्री कुमार ने निर्देश दिया कि इसका निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें, जिससे छात्रों के पठन-पाठन में सुविधा हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित