पटना , मार्च 28 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना शहर स्थित विभिन्ननिर्माणाधीन योजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों से तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज डॉ. राजेन्द्र प्रसाद समाधि स्थल के पास निर्माण कराये जा रहे लोकनायक जय प्रकाश नारायण पार्क (बिहार गौरव पार्क) के निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। पटना में बांस घाट के पास लोकनायक जय प्रकाश नारायण पार्क का निर्माण लोकनायक के सम्मान में किया जा रहा है।
श्री कुमार ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल के पास इस पार्क का निर्माण बेहतर ढंग से करायें। उन्होंने कहा कि इस पार्क के निर्माण से इस क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा होगा। इस थीम पार्क के एक तरफ देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद जी का समाधि स्थल है, वहीं दूसरी ओर जेपी गंगा पथ अवस्थित है, यहां का दृश्य काफी मनोरम होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित