पटना , दिसम्बर 05 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को गांधी मैदान में आयोजित पटना पुस्तक मेला का उद्घाटन किया।
पटना पुस्तक मेला के आयोजक मंडल ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को पुस्तक भेंटकर उनका स्वागत किया।
श्री कुमार ने उद्घाटन के बाद पुस्तक मेला परिसर का भ्रमण कर विभिन्न प्रकाशनों द्वारा लगाये गये स्टॉल का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के स्टॉल का भी शुभारंभ किया।
श्री कुमार ने 'पटना पुस्तक मेला' के उद्घाटन समारोह में लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव की 'विकास पुरुष' पुस्तक का लोकार्पण किया। यह पुस्तक मुख्यमंत्री के पिछले 20 वर्षों के विकासात्मक कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित है।
पटना पुस्तक मेला प्रांगण में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, महिला एवं बाल विकास निगम, श्रम संसाधन विभाग, विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों की प्रदर्शनी लगायी गयी है। पटना पुस्तक मेला 16 दिसम्बर तक चलेगा।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना प्रमण्डल के आयुक्त अनिमेष परासर, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जीतेन्द्र राणा, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित पटना पुस्तक मेला के आयोजक मंडल एवं बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित