पटना , मार्च 26 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को समृद्धि यात्रा के दौरान पटना जिले को 1,056 करोड़ रुपये की सौगात दी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर में अवस्थित ज्ञान भवन में पटना जिलान्तर्गत 1,056 करोड़ रुपये की लागत से 1,373 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 473 करोड़ रुपये की लागत से 761 योजनाओं का उद्घाटन तथा 583 करोड़ रुपये की लागत से 612 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अवलोकन के क्रम में 25,883 जीविका स्वयं सहायता समूहों के दो लाख छह हजार 989 दीदियों के लिए बैंक ऋण के तहत पांच अरब 19 करोड़ 26 लाख रुपये का सांकेतिक चेक, आयुष्मान कार्ड, समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना का सांकेतिक चेक, कुशल युवा कार्यक्रम का प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड आदि लाभुकों को प्रदान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित