पटना , दिसंबर 20 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महाराष्ट्र के नागपुर में बुटीबोरी के महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन रीजन में स्थित सोलर पैनल निर्माण फैक्ट्री में पानी की टंकी फटने से बिहार के छह मजूदरों की हुई मौत पर शोक जताया और मृतक के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये अनुदान देने की घोषणा की है।
श्री कुमार ने इस घटना को काफी दुखद बताया है। मुख्यमंत्री श्री कुमार ने इस घटना में मृत मजदूरों के शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने इस घटना में बिहार के मृतक मजदूरों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है। उन्होंने बिहार के रहनेवाले घायल मजदूरों के समुचित इलाज की भी व्यवस्था करने के लिये अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने दिल्ली में बिहार के स्थानिक आयुक्त को स्थिति का जायजा लेने तथा घायलों के समुचित इलाज के साथ-साथ हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने एवं मृत मजदूरों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पहुँचाने के लिये सभी समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित