खगड़िया, मार्च 13 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को समृद्धि यात्रा के दौरान खगड़िया जिले में 304 करोड़ रुपये की 319 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में खगड़िया जिले के संसारपुर मैदान में खगड़िया जिला अंतर्गत 304 करोड़ रुपये की लागत से 319 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 261 करोड़ रुपये की लागत से 284 योजनाओं का उद्घाटन तथा 43 करोड़ रुपये की लागत से 35 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

श्री कुमार ने अरुण मध्य विद्यालय, खगड़िया के समीप नगर सुरक्षा बांध के उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण, कालीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों से खगड़िया नगर सुरक्षा बांध की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं के क्रियान्वयन की भी अधिकारियों से जानकारी ली।

इन योजनाओं में राजेंद्र चौक से बखरी बस स्टैंड के निकट रेलवे क्रॉसिंग पथ का निर्माण कार्य, अलौली प्रखंड में बागमती नदी पर गढ़ घाट के नजदीक उच्चस्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण, महेशखूंट-गोगरी-परबत्ता-सुल्तानगंज घाट पथ में भगवान हाई स्कूल, गोगरी जमालपुर से जीएन बांध होते हुए फतेहपुर तक बाईपास का निर्माण कार्य, गांधी इंटर हाई स्कूल, बेलदौर प्रखंड में आउटडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य, खगड़िया में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कार्य, खगड़िया नगर सुरक्षा बांध अंतर्गत तीन एंटी फ्लड स्लूइस गेट का निर्माण कार्य एवं खगड़िया प्रखंड के रहीमपुर से खगड़िया बाईपास पथ तक बूढ़ी गंडक नदी पर पहुंच पथ सहित उच्चस्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण कार्य शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित