दरभंगा , जनवरी 28 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के दौरान दरभंगा जिले में 138 करोड़ रुपये की लागत से 90 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में नागेंद्र झा स्टेडियम के प्रांगण में रिमोट के माध्यम से 138 करोड़ की लागत से 90 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इनमें 105 करोड़ रुपये की लागत से 50 योजनाओं का शिलान्यास एवं 33 करोड़ रुपये की लागत से 40 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में दरभंगा जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने जायजा के क्रम में दरभंगा शहर के दिल्ली मोड़ स्थित निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय,अंतर्राष्ट्रीय बस स्टैंड की प्रगति कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को बताया कि दरभंगा बस स्टैंड का पुनर्विकास कार्य के तहत यहां जी 4 कार्यालय भवन, कॉन्कोर्स, प्लेटफॉर्म, रखरखाव डिपो, पार्किंग और फुटपाथ, शौचालय ब्लॉक, एस.टी.पी-700 किलोलीटर, बाउंड्री विकास, कैंपस विकास और प्रकाश व्यवस्था सहित हर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करायी जा रही है। यह काम अगल दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति कार्य की जानकारी अधिकारियों से ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को बताया कि प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं का क्रियान्वयन तेज गति से आगे बढ़ रहा है, इसके तहत दरभंगा शहर के दोनार चौक के पास आर.ओ.बी का निर्माण, शोभन डैम मकिया पथ का निर्माण, शोभन बाइपास पर प्रस्तावित एम्स तक फोरलेन पहुंच पथ के निर्माण कार्य सहित शोभन एकमी पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूती कार्य, दरभंगा-कुशेश्वरस्थान पथ से धबौलिया (कुशेश्वर स्थान फूलतोड़ा घाट पथ) तक बाइपास पथ का निर्माण, मिथिला शोध संस्थान का आधुनिकीकरण एवं संरक्षण कार्य प्रगति पर है।
इसके अतिरिक्त दरभंगा रेलवे स्टेशन से आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे वाया दोनार चौक, कर्पूरी चौक तथा कर्पूरी चौक से एकमी चौक वाया लहेरियासराय चौक एवं लोहिया चौक तक अपग्रेडेशन / उन्नयन तथा एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण, बाबा कुशेश्वरस्थान का सौंदर्गीकरण एवं विकास कार्य, अहिल्यास्थान का विकास कार्य, अहिल्यास्थान के विकास के लिये भू-अर्जन कार्य, गंगा सागर, हराही एवं दिग्धी तालाब का सौंदर्याकरण कार्य के साथ ही गंगा सागर, हराही एवं दिग्धी तालाब का एकीकृत विकास कार्य प्रारंभ हो चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित