गयाजी , मार्च 20 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में गया जिले को 744 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र, मायापुर, टनकुप्पा स्थित परिसर से ही रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर गया जिले के लिए 367 करोड़ रुपये की लागत से 553 योजनाओं का उद्घाटन एवं 377 करोड़ रुपये की लागत से 140 योजनाओं का शिलान्यास किया।
श्री कुमार ने गया जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र, मायापुर, टनकुप्पा स्थित कृषि क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्प्रिंकलर पद्धति, ड्रिप सिंचाई, मिलेट्स की खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने इन पद्धतियों के द्वारा खेतों में उपजाए जा रहे अनाजों के बारे में जानकारी ली। इन पद्धतियों के माध्यम से खेती में कम पानी का उपयोग होता है और फसल का अच्छा उत्पादन होता है। उन्होंने इसकी सराहना करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में प्रगति के लिए कई कदम उठाए गए हैं। किसानों को इसका लाभ मिल रहा है। सभी फसलों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित