पटना , जनवरी 20 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि कालीदास रंगालय का सौंदर्याकरण बेहतर ढंग से पूर्ण करायें, जिससे यहां कलाकारों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज राजधानी पटना के गांधी मैदान के दक्षिणी-पूर्वी छोर पर स्थित कालीदास रंगालय के नये भवन के निर्माण कार्य का जायजा लिया। कालीदास रंगालय को बिहार आर्ट थियेटर के नाम से भी जाना जाता है।
श्री कुमार ने निरीक्षण के दौरान निर्मित कराये जा रहे सभागार, ग्रीन रूम, विशाल रंगमंच, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि व्यवस्था सहित अन्य निर्माण कार्यों की अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि कालीदास रंगालय के नये भवन का निर्माण कार्य को बेहतर ढंग से और तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि इस रंगालय के उन्नयन कार्य का उद्देश्य है कि कलाकारों को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सुविधा मिले, उन्हें आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि व्यवस्था उपलब्ध हो।
श्री कुमार ने कहा कि राज्य में नाटक और सांस्कृतिक गतिविधि को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कालीदास रंगालय बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश में होनेवाले रंगमंच और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण केन्द्र है।उन्होंने बताया कि कालीदास रंगालय का भवन पुराना हो गया था, इसको ध्यान में रखते हुये इसका नवीनीकरण कार्य उच्च गुणवत्ता मानक के अनुरूप कराया जा रहा है।
श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कालीदास रंगालय का सौंदर्याकरण बेहतर ढंग से पूर्ण करायें, जिससे यहां कलाकारों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिया कि इस परिसर के पुराने और जर्जर भाग को हटाकर सौंदयीकृत करायें जिससे परिसर सुसज्जित दिखे। परिसर में वृक्षारोपण करायें जिससे यहां आने पर लोगों को प्राकृतिक दृश्य की अनुभूति हो।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराज एस.एम. सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित