पटना , फरवरी 03 -- बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रवक्ता हिमराज राम और परिमल कुमार ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ''दोगुना रोजगार-दोगुनी आय'' के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

जदयू प्रवक्ता श्री राम और श्री कुमार ने आज बयान जारी कर कहा कि सात निश्चय-3 के अंतर्गत अगले पांच वर्षों में राज्य में एक करोड़ नौकरी एवं रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो बिहार के युवाओं और गरीब परिवारों के लिए एक ऐतिहासिक पहल है।उन्होंने कहा कि इस महत्त्वाकांक्षी लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग का अलग से गठन किया गया है, जिससे रोजगार सृजन, कौशल उन्नयन और स्वरोजगार को एक समन्वित नीति के तहत आगे बढ़ाया जा सके। सरकार का स्पष्ट मानना है कि जब तक युवाओं को रोजगार और परिवारों को स्थायी आय के साधन नहीं मिलेंगे, तब तक समावेशी विकास संभव नहीं है।

जदयू नेताओं ने कहा कि राज्य के गरीब परिवारों के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री श्री नीतीश सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में सात निश्चय-3 के तहत ''दोगुना रोजगार-दोगुनी आय'' को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य के 94 लाख गरीब परिवारों को रोजगार से जोड़ने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक पात्र परिवार को स्वरोजगार और आजीविका के अवसर विकसित करने के लिए दो लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी आय बढ़ाना और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार सरकार की ये नीतियाँ बिहार को विकास, रोजगार और सामाजिक न्याय के नए पथ पर ले जाएँगी तथा राज्य के हर वर्ग को प्रगति की मुख्यधारा से जोड़ेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित