पटना , फरवरी 02 -- बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रवक्ता नवल शर्मा ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संसदीय मर्यादा की मिसाल हैं।

जदयू प्रवक्ता श्री शर्मा ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार संसदीय लोकतंत्र की उच्च परम्पराओं के प्रतिनिधि हैं। ऐसी परंपराएं जहाँ नियम, मर्यादा और संस्थागत गरिमा राजनीति का मूल आधार होती है। सदन की नियमावली का गहरा ज्ञान, शब्दों का संयमित और सटीक प्रयोग और असहमति में भी शालीनता नीतीश कुमार की विशिष्ट खूबियां हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की राजनीति में न तो उत्तेजना है, न सनसनी बल्कि तर्क, तथ्य और मर्यादा है। यही कारण है कि उन्हें संसदीय राजनीति का चलता-फिरता शब्दकोश भी कहा जाता है। आज जब सदनों में शोर और प्रदर्शन बढ़ रहा है, ऐसे समय में नीतीश कुमार की संसदीय परंपराओं के प्रति निष्ठा लोकतंत्र के लिए एक मार्गदर्शक उदाहरण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित