छत्रपति संभाजीनगर , दिसंबर 20 -- मुस्लिम नुमाइंदा काउंसिल के अध्यक्ष जियाउद्दीन सिद्दीकी ने मुस्लिम महिला डॉक्टर के हिजाब से जुड़ी घटना को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है।

श्री सिद्दीकी ने यहां जारी एक बयान में पटना में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उस वायरल वीडियो पर गुस्सा जताया, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांटते समय मंच पर एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचते हुए दिख रहे हैं।

श्री सिद्दीकी ने इस कृत्य को 'अस्वीकार्य और अपमानजनक' बताते हुए कहा कि हिजाब इस्लामी शरिया का एक मूल हिस्सा है और किसी भी परिस्थिति में इसका सार्वजनिक अपमान उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने मांग की कि नीतीश कुमार सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और यह आश्वासन दें कि ऐसा व्यवहार दोबारा नहीं दोहराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस घटना के कारण देश के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन और धरने हुए हैं और स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए हैं। उनके अनुसार इस घटना की कश्मीर से केरल और पंजाब और गुजरात से बंगाल तक सभी क्षेत्रों में निंदा की गई है। इसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुसलमानों के बीच भी चिंता पैदा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित