पटना , मार्च 09 -- बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा है कि नीतीश कुमार से जुड़े हालिया घटनाक्रम से पार्टी को कोई आश्चर्य नहीं है और आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार वोट चोरी के सहारे बनी थी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर्दे के पीछे से उन्हें हटाने की साजिश रच रही थी।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि भाजपा ने अब नीतीश कुमार को 'डिजिटल अरेस्ट' कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो नीतीश कुमार कभी समाजवादी विचारधारा की लड़ाई लड़ते थे, आज उन्होंने उसी विचारधारा को भाजपा और राष्ट्रीय स्वंसेवक संघ के एजेंडे के हवाले कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी है कि नीतीश कुमार अपने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की भावनाओं की भी अनदेखी कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री राम ने आरोप लगाया है कि भाजपा की राजनीति सहयोगी दलों को कमजोर करने और समाप्त करने की रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुये कहा कि महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के साथ मिलकर मूल शिवसेना को कमजोर किया गया, वहीं शिरोमणि अकाली दल और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को भी तोड़ने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा की यही रणनीति अन्य क्षेत्रीय दलों के साथ भी अपनाई जा रही है और आने वाले समय में इसका अगला निशाना एन चंद्राबाबू नायडू हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा और जनता दल यूनाइटेड का गठबंधन बेमेल है और यह जनता के हितों के खिलाफ है।
संवाददाता सम्मेलन में मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, पंकज यादव, वैद्यनाथ शर्मा, कमल कमलेश और नदीम अख्तर अंसारी सहित अन्य नेता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित