पुडुचेरी , अप्रैल 09 -- पुडुचेरी में सत्ताधारी ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) के संस्थापक एवं मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने गुरुवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जो हुआ, वह उनके साथ नहीं होगा।
गौरतलब है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने अपने चुनावी अभियान के दौरान सवाल उठाया था कि इसकी क्या गारंटी है कि श्री रंगासामी का हश्र भी बिहार के मुख्यमंत्री जैसा नहीं होगा। विधानसभा चुनावों के लिए अपना वोट डालने के बाद श्री रंगासामी ने कई बूथों का दौरा किया। इस दौरान विलियानूर बाईपास रोड पर एक चाय की दुकान पर गए और वहाँ चाय तथा 'अदिरासम' (मीठा केक) का आनंद लिया।
पत्रकारों ने जब श्री स्टालिन की टिप्पणी की ओर उनका ध्यान दिलाया, तो उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री के साथ जो हुआ, वह उनके साथ नहीं होगा और यहाँ सरकार उन्हीं के नेतृत्व में बनेगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यह बात पहले ही साफ़ कर दी है और पार्टी जो कहती है, वही करती है।
श्री रंगासामी ने कहा कि केंद्र के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखते हुए यहाँ कई योजनाएँ लागू की गई हैं। जब उनसे पूछा गया कि ज्यादा वोट प्रतिशत किसके पक्ष में जायेगा तो उन्होंने कहा कि लोग अब ज़्यादा जागरूकता के साथ अपने वोट का इस्तेमाल कर रहे हैं। उनकी सरकार द्वारा लागू की गई कल्याणकारी योजनाएँ लोगों तक पहुँची हैं और यही इस बड़ी संख्या में वोटिंग का कारण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित