पटना , दिसंबर 17 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का नारी सशक्तिकरण मॉडल देशभर में एक मिसाल बन चुका है।
श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि श्री कुमार की दूरदर्शी और जनकल्याणकारी नीतियों के परिणामस्वरूप बिहार की महिलाओं को विकास की नई उड़ान मिली है तथा उनके सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला हैं।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश सरकार की नारी सशक्तिकरण से जुड़ी कई नीतियों और योजनाओं को न केवल देश के विभिन्न राज्यों ने अपनाया है, बल्कि मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना जैसी ऐतिहासिक पहल को दुनिया के कई देशों ने भी स्वीकार किया है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि शराबबंदी, दहेजबंदी, बाल-विवाह पर रोक और कन्या-सुरक्षा जैसे ठोस समाज-सुधार अभियानों ने बिहार में महिलाओं की सामाजिक स्थिति को स्तर पर मजबूत किया है। साथ ही कानून का राज्य स्थापित कर उन्होंने बिहार की महिलाओं को भय-युक्त माहौल से मुक्ति दिलाई है। उन्होंने कहा कि बीते बीस वर्षों में महिलाओं को न्याय, सुरक्षा और गरिमा दिलाने के लिए जिस निरंतर प्रतिबद्धता के साथ श्री कुमार ने काम किया है, उसकी सराहना आज देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में होती है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना जैसी कई ऐतिहासिक पहल बिहार में महिला सशक्तिकरण के लिए कारगर उपाय साबित हुई हैं। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण तथा पंचायती राज और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण देना किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की इन दूरदर्शी नीतियों ने बिहार की बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत और स्थायी आधार प्रदान किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित