पटना , मार्च 01 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सभी जिलों में वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन कर आंगनवाड़ी के बच्चों के मध्य वस्त्र का वितरण किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से बच्चों को सीधे लाभ मिलने के साथ-साथ यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उन्हें बेहतर गुणवत्ता की पोशाक समय पर प्राप्त हो।
बिहार सरकार द्वारा बच्चों के समग्र विकास, पोषण एवं समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों को जीविका दीदियों के माध्यम से सिले हुए पोशाक उपलब्ध कराने की एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत राज्य के आंगनवाड़ी केंद्रों में नामांकित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं एकरूप पोशाक उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे न केवल बच्चों में समानता की भावना विकसित होगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर आजीविका के अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
यह पहल ग्रामीण विकास विभाग और समाज कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयास का परिणाम है, जिसमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीविका दीदियां स्थानीय स्तर पर पोशाक निर्माण का कार्य कर रही हैं। वर्तमान में राज्य भर में लगभग 50 लाख आंगनवाड़ी बच्चों के लिए पोशाक तैयार की जा रही है, जिसे निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी केंद्रों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित