पटना , जनवरी 23 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा प्रदेश की जनआकांक्षाओं के अनुरूप जनकल्याण एवं समावेशी विकास के लक्ष्यों को साकार करने की दिशा में प्रभावी ढंग से आगे बढ़़ रही है।
श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार प्रदेश के जिलों में भ्रमण के दौरान विकास योजनाओं की नई-नई सौगातें जनता को समर्पित कर रहे हैं, जिससे आमजन के बीच खासा उत्साह और हर्ष का वातावरण है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार को देश के दस बड़े विकसित राज्यों में शामिल करना श्री कुमार का लक्ष्य है और उनका अब तक के शासन का ट्रैक रिकॉर्ड यह प्रमाणित करता है कि वे जो लक्ष्य तय करते हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा भी करते हैं।
श्री कुशवाहा ने कहा कि बीते दो दशकों में बिहार ने बुनियादी ढांचे को सुदृढ़़ करने तथा मानव की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि अब बिहार औद्योगिकरण और आर्थिक प्रगति की दिशा में लंबी छलांग लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित