पटना , दिसंबर 28 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को कहा कि राजधानी पटना में 889 करोड़ की लागत से निर्मित विश्वस्तरीय डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच का प्रमाण है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि इस साइंस सिटी को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने के लिए मुख्यमंत्री श्री कुमार स्वयं अधिकारियों के साथ लंदन जाकर वहाँ की साइंस सिटी का अध्ययन एवं निरीक्षण कर चुके हैं तथा इसके निर्माण कार्य की लगातार समीक्षा, अनुश्रवण और निगरानी करते रहे। यही कारण है कि यह परियोजना आज अपने उच्च मानकों के साथ साकार हो सकी है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह साइंस सिटी विज्ञान और नवाचार का एक अनूठा केंद्र बनकर उभरी है, जो विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करेगी। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध की दिशा में प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि 21 एकड़ में फैली इस अत्याधुनिक साइंस सिटी में विज्ञान पर आधारित पाँच गैलरी, 269 रोचक विज्ञान प्रदर्श, भव्य ऑडिटोरियम, फोर-डी थिएटर तथा छात्रों एवं शिक्षकों के लिए डोरमेट्री की सुविधा उपलब्ध है, जो इसे एक समग्र, आधुनिक और आकर्षक शैक्षणिक परिसर बनाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित