पटना , अप्रैल 07 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 13वीं बैठक सम्पन्न हुयी।
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदयकांत ने प्राधिकरण से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया, जिसमें प्राधिकरण की 12वीं बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन प्रतिवेदन पर चर्चा हुई और अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गयी।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बैठक में कहा कि राज्य में 24 नवम्बर 2005 को नई सरकार बनने के बाद से आपदा प्रबंधन के लिये कई कार्य किये गये हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़, सुखाड़, अगलगी, भूकम्प, हीटवेव आदि आपदाओं के कुशल प्रबंधन के लिये मानक संचालन प्रक्रिया बनायी गयी। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को मुफ्त भोजन, नकद अनुदान के अतिरिक्त फसल क्षति अनुदान, गृह क्षति अनुदान, पशु क्षति अनुदान की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित सरदार पटेल भवन में गृह विभाग के साथ आपदा प्रबंधन विभाग और बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का कार्यालय भी बनाया गया है। यह आधुनिक एवं भूकम्परोधी भवन है। इसके छत पर हेलीपैड बनाया गया है, जिसका उपयोग आपातकाल में किया जा सकता है। यहां राज्यस्तरीय आपदा नियंत्रण केन्द्र भी है, जिससे आपदा प्रबंधन में काफी सहायता मिलती है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि राज्य सरकार आपदा पीड़ितों की मदद पहुंचाने के लिये प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार के समक्ष बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रस्तुत की गयी। मुख्यमंत्री श्री कुमार ने 'बिहार की आपदा प्रबंधन यात्रा' पुस्तक का विमोचन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित