पटना , मार्च 24 -- बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जदयू के पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि श्री कुमार का सशक्त प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता अगली पीढ़ी के राजनेताओं के लिए प्रेरणा का श्रोत रही है।
श्री सरावगी ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को एक बार फिर जदयू का अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी और कहा कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पहले से भी ज्यादा मजबूत होगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी नीतीश कुमार का नेतृत्व प्रदेश एवं देश के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक अनुभव से न केवल जदयू और राजग को मजबूत किया है, बल्कि बिहार को अंधेरे से निकालकर सुशासन का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज बिहार उनके नेतृत्व में विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
श्री सरावगी ने विश्वास जताते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में न्याय के साथ विकास की गति और तेज होगी और बिहार विकसित राज्य की श्रेणी में शामिल होगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री श्री कुमार के दीर्घायु होने की ईश्वर से प्रार्थना भी की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित