पटना , जनवरी 31 -- पटना में शंभू गर्ल्स हॉस्टल की नीट छात्रा के साथ हुये बलात्कार और संदिग्ध मौत मामले को सीबीआई को सौंपे जाने पर बिहार कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष राजेश राठौड़ ने शनिवार को कहा है कि राज्य सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिये पहले पुलिस से जांच हटाकर एसआईटी का गठन करती रही और अब सीबीआई जांच की सिफारिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार के आम लोग जानते हैं कि इससे पहले नवरुणा हत्याकांड और मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड की जांच भी सीबीआई को दी गई थी, लेकिन आज तक उन मामलों में कोई ठोस नतीजा नहीं आया। अब इस मामले को भी सीबीआई को सौंपकर सरकार केवल अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता श्री राठौड़ ने राज्य सरकार और पुलिस की कार्रवाई को शुरू से शिथिल और संदिग्ध बताते हुये कहा कि सारे सुबूत मिटाने और रिपोर्ट दबाने के बाद मामले की लीपापोती की गई। उन्होंने जोर देकर कहा कि आम जनता को यह जानना चाहिये कि पुलिस और सरकार किसके दबाव में हैं और पीड़िता के परिवार को उचित सुरक्षा मिलनी चाहिये।

श्री राठौड़ ने यह भी मांग की कि मामले की जांच अविलंब सुचारु रूप से हो और सीबीआई के साथ न्यायिक जांच भी चलनी चाहिये, जिसमें हर हफ्ते रिपोर्ट सबमिट की जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित