नयी दिल्ली , दिसंबर 18 -- वाहन निर्माता कंपनी निसान मोटर इंडिया ने गुरुवार को अपने नये बहुउद्देशीय वाहन (एमपीवी) ग्रेवाइट के बारे जानकारी साझा की और बताया कि इसे अगले साल के आरंभ में बाजार में पेश किया जायेगा।
कंपनी ने बताया कि ग्रेवाइट सात-सीटर बी-एमपीवी है जो भारत के लिए ब्रांड की रीफ्रेश्ड एवं स्ट्रेटजिक लाइन-अप के तहत पेश पहला मॉडल होगा।
निसान ने जुलाई 2024 में ग्रेवाइट की घोषणा की थी। कंपनी की योजना 2026 की शुरुआत में ग्रेवाइट, मध्य में टेक्टॉन और 2027 की शुरुआत में सात-सीटर सी-एसयूवी की लॉन्चिंग शामिल है। इससे भारतीय ग्राहकों के लिए अपनी ऑफरिंग को विविध, मजबूत और रीवाइटलाइज करने की निसान की प्रतिबद्धता की पुष्टि होती है।
कंपनी ने बताया कि 'ग्रेवाइट' नाम 'ग्रेविटी' (गुरुत्वाकर्षण) शब्द से प्रेरित है, जो संतुलन, स्थायित्व और शक्तिशाली आकर्षण का प्रतीक है। यहरोजाना के सफर के साथ-साथ फैमिली रोड ट्रिप के लिए भी सुगम है। ग्रेवाइट का विनिर्माण कंपनी के चेन्नई स्थित प्लांट में किया जायेगा।
इसे सिग्नेचर 'सी' के आकार का फ्रंट ग्रिल, बोल्ड शेप और स्लीक हॉरिजॉन्टल प्रपोर्शन के साथ पेश किया जायेगा।
अफ्रीका, पश्चिम एशिया, भारत, यूरोप एवं ओसियानिया के लिए निसान की चेयरपर्सन मैसिमिलियानो मेसिना ने कहा कि इस क्षेत्र में कंपनी के प्रदर्शन में भारत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और निसान मोटर इंडिया कंपनी की रणनीति में अहम भूमिका निभा रही है। ग्रेवाइट की पेशकश कंपनी की रफ्तार को दिखाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित