पटना , मई 03 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता निशांत कुमार रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय से निश्चय रथ पर सवार हो कर अपनी प्रतीक्षित 'सद्भाव यात्रा' के लिए चंपारण की तरफ प्रस्थान कर गए।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा तथा जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार सहित कई गणमान्य नेता भी उनके साथ रवाना हुए।

श्री निशांत के यात्रा प्रारंभ करने के अवसर पर कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने 'जय निशांत' के नारों से पूरे वातावरण को गुंजायमान कर दिया। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर एवं मंगलकामनाओं के साथ श्री निशांत कुमार को सद्भाव यात्रा के लिए विदाई दी।

इस अवसर पर निशांत कुमार ने कहा कि उनकी पहली राजनीतिक यात्रा पश्चिमी चंपारण से प्रारंभ हो रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने चंपारण की धरती से ही सत्याग्रह आंदोलन की शुरुआत की थी तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपनी महत्वपूर्ण यात्राओं का शुभारंभ चंपारण से ही किया है।

जदयू नेता श्री कुमार ने कहा कि सबको साथ लेकर चलने के भाव, सामाजिक समरसता को सुदृढ़़ बनाने तथा नीतीश कुमार के अधूरे सपनों को पूरा करने के संकल्प के साथ वह इस यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ उनका सीधा संवाद स्थापित होगा तथा वह पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार के बीते बीस वर्षों के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित