कानपुर , अप्रैल 8 -- उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (यूपीपीसीएस-2024) में कानपुर के सौरभ दीप ने सफलता हासिल कर नायब तहसीलदार पद प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि में समाज कल्याण मंत्रालय की निःशुल्क कोचिंग और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद सौरभ दीप ने यह सफलता हासिल की। उन्हें गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में संचालित निःशुल्क आवासीय कोचिंग तथा अभ्युदय योजना के तहत मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञ शिक्षकों का सहयोग मिला।
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा, "हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी प्रतिभाशाली युवा आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से युवाओं को समान अवसर दिए जा रहे हैं। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर युवा किसी भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।"भागीदारी भवन के संयुक्त निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को कोचिंग के दौरान निःशुल्क हॉस्टल, भोजन, लाइब्रेरी और नियमित कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही विषय विशेषज्ञों द्वारा उत्तर लेखन अभ्यास और मॉडल टेस्ट भी कराए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना प्रदेश के 75 जिलों में 166 प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से संचालित की जा रही है, जहां यूपीएससी, यूपीपीएससी, जेईई, नीट, एनडीए और सीडीएस जैसी परीक्षाओं की तैयारी निःशुल्क कराई जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित