लखनऊ , मार्च 8 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के रविवार को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने पर लखनऊ में भी जदयू कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखा गया। इस मौके पर जदयू के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने निशांत कुमार के पार्टी से जुड़ने का स्वागत करते हुए कहा कि उनके इस निर्णय से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा आई है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मांग थी कि निशांत कुमार सक्रिय रूप से पार्टी से जुड़ें और अब उनके सदस्य बनने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सदस्यता ग्रहण समारोह में निशांत कुमार के संबोधन से यह स्पष्ट हो गया है कि वे पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनके इस कदम से बिहार के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी जदयू संगठन को मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित