मुंबई , अप्रैल 26 -- रेणु विजय फ़िल्म्स एंटरटेनमेंट" के बैनर तले बन कर तैयार पारिवारिक और मनोरंजन से भरपूर फिल्म "लाखों में एक पवले बानी हम बहुरानी" का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। इस फिल्म में भोजपुरी इंडस्ट्री की चर्चित अदाकारा, आम्रपाली दुबे एक बार फिर अपने दमदार अभिनय और पारिवारिक किरदार के साथ दर्शकों के दिलों पर राज करने को तैयार नजर आ रही हैं। यह फिल्म एक मई को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसका ट्रेलर 28 अप्रैल को एंटरटेन रंगीला और भोजपुरी सिनेमा टीवी के यूट्यूब चैनल से रिलीज होगा।
इस फिल्म के निर्माता निशांत उज्जवल हैं। उनका कहना है कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि परिवार और रिश्तों की गहराई को भी खूबसूरती से दर्शाएगी। निर्देशक अजय झा के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद अरबिंद तिवारी ने तैयार किए हैं, जो दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का दम रखते हैं।
फिल्म का फर्स्ट लुक पारंपरिक और आधुनिक मूल्यों के मेल को दर्शाता है, जिसमें आम्रपाली दुबे का किरदार एक मजबूत, संवेदनशील और पारिवारिक महिला के रूप में उभर कर सामने आता है। यह फिल्म विशेष रूप से उन दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है, जो सिनेमा में पारिवारिक भावनाओं और संस्कारों को देखना पसंद करते हैं। संगीत ओम झा और रजनीश मिश्रा का है।
निर्माता निशांत उज्जवल ने बताया कि यह फिल्म भोजपुरी सिनेमा में एक नया मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने इस प्रोजेक्ट को बड़े ही समर्पण और मेहनत से तैयार किया है,जिससे दर्शकों को एक साफ-सुथरा और पारिवारिक मनोरंजन मिल सके।
फिल्म के फर्स्ट लुक जारी होने के बाद आम्रपाली दुबे ने कहा कि "लाखों में एक पवले बानी हम बहुरानी" मेरे दिल के बहुत करीब है। मेरी पहली फिल्म निरहुआ हिंदुस्तानी में गाना था लाखों में एक पवले बानी हम बहुरानी"। उसी गाने के बोल पर मेरी फिल्म का टाइटल है। फिल्म का निर्माण मेरे बहुत अच्छे दोस्त और भोजपुरी सिनेमा के सबसे बड़े निर्माता निशांत उज्जवल ने किया है। तो फिल्म मेरे लिए और भी खास है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में मेरा किरदार एक ऐसी बहू का है जो परिवार, संस्कार और आत्मसम्मान के बीच संतुलन बनाते हुए अपनी पहचान बनाती है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह कहानी हर वर्ग के दर्शकों, खासकर महिलाओं और परिवारों को गहराई से जोड़ेगी और उन्हें एक सकारात्मक संदेश देगी।"संगीता तिवारी इस फिल्म से वापसी कर रही हैं। जय यादव, अविनाश साही, राकेश बाबू, साहिल सिद्दीकी, जया पांडेय, रंभा सहनी, कंचन मिश्रा, ऋतु पांडेय, प्रिया दीक्षित, पुष्पेंद्र, राम सुजन सिंह आदि मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। सह निर्माता डॉ संदीप उज्जवल व सुशांत उज्जवल हैं। छायांकन मनोज सिंह द्वारा किया गया है, जबकि संपादन की जिम्मेदारी गुर्जन्ट सिंह ने संभाली है। नृत्य निर्देशन प्रवीण शेलार और कला निर्देशन अवधेश राय का है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित