अंबिकापुर , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, थाना गांधीनगर क्षेत्र के निवासी अविनाश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे एक ज्वेलरी स्कीम में अधिक लाभ का लालच देकर ठगा गया। आरोपियों ने स्वयं को ज्वेलर्स का कर्मचारी बताकर 'धनलक्ष्मी स्कीम' के तहत निवेश पर अतिरिक्त लाभ का झांसा दिया।

शिकायत के अनुसार, आरोपी राजेश कुमार तिवारी एवं उसके साथियों ने जुलाई 2025 से दिसंबर 2025 के बीच अलग-अलग बैंक खातों के क्यूआर कोड भेजकर कुल 7.59 लाख रुपये जमा कराए, जबकि पीड़ित को केवल 1.87 लाख रुपये ही वापस किए गए। इस तरह कुल 5.72 लाख रुपये की ठगी की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देश पर गांधीनगर पुलिस ने जांच तेज की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी राजेश कुमार तिवारी (28) को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित