नयी दिल्ली , दिसंबर 19 -- रेलवे की ओर से संचालित डबल-स्टैक कंटेनर ट्रेन हरियाणा में गुरुग्राम के इच्छापुरी से गुजरात के कच्छ जिले में स्थित मुंद्रा बंदरगाह तक कम लागत और समय में निर्यातकों के सामानों को पहुंचाने का काम कर रही है।

रेलवे की ओर से शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि निर्यात केंद्रित माल ढुलाई सेवा के सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे हरियाणा में गुरुग्राम के इच्छापुरी कंटेनर टर्मिनल से गुजरामत के कच्छ जिले में स्थित मुंद्रा बंदरगाह तक डबल-स्टैक कंटेनर ट्रेन संचालित करता है। यह माल ढुलाई क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रेलवे के मुताबिक रेलवे पहली बार निर्यात केंद्रित माल ढुलाई सेवा समय सारणीबद्ध रेल ढुलाई सेवा संचालित कर रहा है। रेलवे के अनुसार यहां से अब तक 20 खेप संचालित हुई है।

रेलवे ने बताया है कि यह साप्ताहिक सेवा है और इससे तेज, विश्वसनीय और अनुमानित समय में माल की ढुलाई संभव हुई है। रेलवे ने कहा है कि यह डबल-स्टैक कंटेनर ट्रेन निर्यातकों के लिए सहायक होगी, जिससे माल पहुंचने में विलंब और प्रचालन लागत में कमी आएगी।

रेलवे ने कहा है कि उत्तर रेलवे का दिल्ली मंडल इसका संचालन कर रहा है। विशेष रूप से संचालित इस मालगाड़ी से न्यूनतम ठहराव, निर्बाध आवागमन, माल की तेज गति से ढुलाई हो रही है। यह उच्च मूल्य निर्यात कार्गो के लिए विशेष रूप से बहुत उपयोगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित