रांची , जनवरी 29 -- झारखंड परियोजना निदेशक शशि रंजन की अध्यक्षता में आज समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित सिविल निर्माण कार्यों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में राज्य के सभी जिलों के सहायक अभियंताओं (एई) और कनीय अभियंताओं (जेई) ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए स्वीकृत योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का बारीकी से विश्लेषण करना था।
समीक्षा के दौरान श्री रंजन ने उन ठेकेदारों और एजेंसियों के प्रति कड़ा निर्देश दिया, जिन्हें कार्यादेश प्राप्त होने के बावजूद कार्य की गति धीमी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गैर-जिम्मेदार एजेंसियों को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकारी संसाधनों का समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
श्री रंजन ने सभी अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे अपने जिलों के ठेकेदारों और एजेंसियों के साथ बैठक कर लंबित कार्यों को पूर्ण कराएं और ससमय उपयोगिता प्रतिवेदन राज्य मुख्यालय को प्रेषित करें। उन्होंने सचेत किया कि वित्तीय पारदर्शिता और गुणवत्ता मानकों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विद्यालयों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्री रंजन ने स्कूल बाउंड्री निर्माण में आ रहे स्थानीय व्यवधानों पर त्वरित संज्ञान लिया। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर विवादों का समाधान करें और निर्माण कार्य अविलंब प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें, ताकि विद्यालय परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। निदेशक महोदय ने सभी अभियंताओं को मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश किया, ताकि शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को समय सीमा के भीतर सुदृढ़ किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित