श्रीगंगानगर , जनवरी 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में अस्पताल के निर्माणाधीन भवन की तीसरी मंजिल से गिरने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरतगढ़ मार्ग स्थित जिला अस्पताल और सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय के बीच करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से बनाये जा रहे आपातकालीन कक्ष और विस्तारित अस्पताल भवन में शनिवार को मध्याह्न करीब 12 बजे मजदूर भागीरथ तीसरी मंजिल पर काम कर रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह जमीन पर आ गिरा।
सूत्रों ने बताया कि साथी मजदूरों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने को कहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई भी इंतजाम नहीं थे। पुलिस के अनुसार सरकारी एजेंसी द्वारा करवाये जा रहे इस निर्माण कार्य में मजदूरों को हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, सुरक्षा जाल या अन्य कोई सुरक्षात्मक उपकरण नहीं दिये गये थे। वह काफी ऊंचाई पर काम चल रहा था, लेकिन असुरक्षित माहौल में मजदूरों को खतरे में डाल दिया गया था। मजदूर भागीरथ ने हालांकि अपने बयान में अपनी ही गलती से गिरना बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित