भिण्ड , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में रिंग रोड परियोजना के तहत निर्माणाधीन ओवरब्रिज में आज शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुल निर्माण में लगाया गया गार्डर अचानक बीच से टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मौके पर मौजूद मजदूरों को केवल मामूली चोटें आईं और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार भिण्ड देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत धरई गांव के पास रिंग रोड पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य एसकेएस कंपनी द्वारा किया जा रहा है। आज शाम पुल के पिलरों के ऊपर रखा गया भारी गार्डर अचानक भरभराकर टूट गया और नीचे आ गिरा। हादसे के वक्त कुछ मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे, जिन्हें हल्की चोटें आईं। घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि निर्माण कार्य में लंबे समय से गुणवत्ता को लेकर सवाल उठते रहे हैं। आरोप है कि मानकों की अनदेखी कर जल्दबाजी में काम कराया जा रहा था। लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा व्यस्त समय में होता, तो बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही निर्माण कंपनी के अधिकारी और इंजीनियर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कंपनी की ओर से गार्डर टूटने के कारणों की आंतरिक जांच किए जाने की बात कही जा रही है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि भिण्ड शहर के चारों ओर रिंग रोड निर्माण का कार्य कर रही एसकेएस कंपनी पर पहले भी निर्माण में अनियमितताओं और लापरवाही के आरोप लगते रहे हैं। ताजा घटना के बाद एक बार फिर घटिया निर्माण को लेकर सवाल उठ रहे हैं और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित