पटना , फरवरी 25 -- मॉनसून 2026 के मद्देनज़र पटना नगर निगम ने व्यापक, पूर्व नियोजित एवं समन्वित रणनीति तैयार करने के लिये नगर आयुक्त यशपाल मीणा की अध्यक्षता में एक अंतरविभागीय बैठक आयोजित की।
बैठक में शहर को जल-जमाव की समस्या से मुक्त रखने, जलनिकासी व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने तथा विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं के बीच प्रभावी तालमेल सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई ।
नगर आयुक्त श्री मीणा ने मॉनसून पूर्व अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पटना नगर निगम क्षेत्र में जहां- जहाँ कार्य पूर्ण होना संभव नहीं है, वहां अस्थायी एवं स्थायी वैकल्पिक जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
आज की बैठक के दौरान प्रत्येक अंचल के प्रमुख एवं सहायक नालों की जलनिकासी के प्रवाह की गहन समीक्षा की गई। यह सुनिश्चित किया गया कि तैयारी ऐसी हो की पानी का बहाव निर्बाध रूप से आउटफॉल तक पहुंचे। साथ ही, संभावित जल-जमाव वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां की जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अतिरिक्त पंपिंग व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा तकनीकी सुधार के उपायों पर विस्तार से चर्चा कर अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने का निदेश दिया गया है, ताकि वर्षा के दौरान त्वरित एवं प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को जलनिकासी से संबंधित किसी भी अवरोध, सड़क कटिंग अथवा निर्माणजनित समस्या के त्वरित समाधान के लिये विभागीय समन्वय तंत्र को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया, जिससे मॉनसून के दौरान किसी भी परिस्थिति में जलनिकासी बाधित न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित