नयी दिल्ली , अप्रैल 08 -- भारतीय ग्रीको रोमन पहलवानों ने बुधवार को किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित 2026 सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में देश के पदकों की संख्या में एक रजत और दो कांस्य पदक और जोड़ दिए। इसमें नितेश ने 97 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता, जबकि सचिन सहरावत (67 किलोग्राम ) और प्रिंस (82 किलोग्राम) ने कांस्य पदक अपने नाम किए।

बुधवार को मिले इन तीन पदकों के साथ, प्रतियोगिता के तीसरे दिन भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर दो रजत और तीन कांस्य हो गई है। साथ ही, दो महिला पहलवानों ने कांस्य पदक के लिए होने वाले प्ले-ऑफ मुकाबलों में अपनी जगह पक्की कर ली है।

बुधवार को भारतीय दल की निगाहें पूरी तरह से नितेश पर टिकी थीं, जिन्होंने 97 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में पहुंचकर पिछले संस्करण के अपने प्रदर्शन में पहले ही सुधार कर लिया था। 23 वर्षीय नितेश का मुकाबला मौजूदा चैंपियन मोहम्मदहादी सारावी से था। वह फाइनल मुकाबले में वैसा जादू नहीं दिखा पाए, जिसकी बदौलत वह फाइनल तक पहुंचे थे, और उन्हें 1-7 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले, सचिन सहरावत ने बुधवार को भारत के लिए पदकों का खाता खोला। 67 किलोग्राम ग्रीको रोमन वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में, दूसरे राउंड में 3-5 से पिछड़ने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की और उज्बेकिस्तान के अब्दुमलिक अमिनोव को 6-5 से हरा दिया। सचिन, जिन्होंने रेपचेज राउंड में चीन के जी लेंग को हराकर कांस्य पदक के प्ले-ऑफ में जगह बनाई थी, ने अंतिम मिनट में 'टेक डाउन' के जरिए दो अंक हासिल किए। इसके अलावा, उज्बेक पहलवान द्वारा अपनी चुनौती (चैलेंज) गंवाने पर उन्हें एक और अंक मिला, जिसके साथ उन्होंने जीत हासिल कर ली।

इसके बाद प्रिंस ने भारत की झोली में दिन का दूसरा कांस्य पदक डाला। उन्होंने 82 किलोग्राम ग्रीको रोमन वर्ग में तुर्कमेनिस्तान के दिदार अमननजारोव पर 10-1 की एकतरफा जीत दर्ज की।

महिला कुश्ती प्रतियोगिता में, हंसिका लांबा (55 किलोग्राम) और नेहा (59 किलोग्राम) अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले हारने के बाद अब कांस्य पदक के लिए चुनौती पेश करेंगी। सेमीफाइनल में हंसिका को पिछले संस्करण की रजत पदक विजेता, चीन की युक्सुआन ली के हाथों 11-1 से हार का सामना करना पड़ा था। अब कांस्य पदक के प्ले-ऑफ मुकाबले में उनका सामना अरुके कादिरबेक क्यज़ी से होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित