रायगढ़ , दिसंबर 15 -- भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी रहे नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के बाद रायगढ़ में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को जश्न का आयोजन किया गया, जहां वरिष्ठ नेताओं से लेकर जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और पटाखे फोड़कर खुशी का इज़हार किया।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन के संगठनात्मक सफर को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनका राजनीतिक जीवन बूथ स्तर से शुरू होकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचा है। उन्होंने संगठन के प्रति निष्ठा, मेहनत और समर्पण के बल पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्राप्त की है जिस पर पूरा भाजपा परिवार गौरवान्वित है।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत को पहचाना जाता है और उसे आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलता है। नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना इस बात का प्रमाण है कि पार्टी में संगठनात्मक कार्य और समर्पण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित