पटना , फरवरी 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नितिन नबीन ने मंगलवार को पटना नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत मंदिरी एवं बाकरगंज नाला का स्थल निरीक्षण किया।

श्री नबीन ने निरीक्षण के क्रम में नालों की सफ़ाई व्यवस्था, गाद निकासी, संरचनात्मक स्थिति एवं प्रवाह क्षमता का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों को निर्देश दिया कि नालों की समुचित साफ़-सफाई, गाद निष्कासन एवं अन्य आवश्यक कार्यों को जल्द पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि नाला सफ़ाई कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा कार्य प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।

श्री नबीन ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों से संवाद के बाद कहा कि नगर क्षेत्र में सुचारु जल निकासी व्यवस्था एवं सुगम सड़क संपर्कता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए नाला प्रबंधन से संबंधित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, जिससे जल निकासी की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के बाद आवश्यकतानुसार पुनः स्थल निरीक्षण किया जाएगा, जिससे कार्य की गति पर लगातार मॉनिटरिंग की जासके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित