नयी दिल्ली , जनवरी 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद चुनाव को लेकर पार्टी मुख्यालय में सोमवार को भारी गहमा गहमी के बीच राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपना नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही श्री नबीन का निर्विरोध अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है, क्योंकि किसी अन्य नेता ने अध्यक्ष पद के लिये अपना नामांकन दाखिल नहीं किया है।
श्री नबीन के अध्यक्ष पद के लिये प्रस्तावक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, हरदीप पुरी समेत कई जैसे वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यह नामांकन प्रक्रिया नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में संपन्न हुई।
नितिन नबीन के नामांकन के दौरान योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यों के पार्टी अध्यक्ष, सांसद और दूसरे वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहें जिन्होंने एक के बाद अपना समर्थन पत्र जमा कराया। अध्यक्ष पद के लिये सिर्फ एक नामांकन होने को नेतृत्व परिवर्तन से पहले संगठनात्मक एकता और ताकत के प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी एवं राज्यसभा सांसद के. लक्ष्मण द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन दोपहर दो बजे किया गया। पूरी चुनाव प्रक्रिया देश की राजधानी में पार्टी मुख्यालय में आयोजित हुई।
भाजपा की आंतरिक चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्रों की जांच के बाद अंतिम निर्णय की घोषणा की जाएगी। यदि एक ही वैध नामांकन रहता है, तो नितिन नबीन का निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना तय माना जा रहा है। हालांकि, औपचारिक घोषणा पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण द्वारा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित