टिहरी , जनवरी 19 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर टिहरी गढ़वाल जिला तहसील नरेंद्रनगर अंतर्गत मुनि की रेती स्थित जानकी सेतु के समीप गंगा आरती घाट पर सोमवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं नगर पालिका परिषद मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने किया।
स्वच्छता अभियान के दौरान घाट परिसर में फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर उसका समुचित निस्तारण किया गया, वहीं झाड़ियों की कटाई कर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया गया। अधिकारियों ने घाट की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को लेकर स्थानीय नागरिकों से भी सक्रिय सहभागिता की अपील की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा नगर क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'वार्ड सेग्रिगेशन लीग' नामक अभिनव पहल का शुभारंभ किया गया। इसके अंतर्गत सभी वार्डों में गीले एवं सूखे कचरे के पृथकीकरण को लेकर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वार्डों को पुरस्कृत किया जाएगा, जिससे स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित