रायसेन , जनवरी 14 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में इंदौर से रीवा जा रही एक निजी यात्री बस में आग लग गई।
घटना मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे हुई, जिसमें बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि, सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस का टायर फटने के बाद उसमें आग भड़क उठी। आग तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। नजदीकी एक ढाबा कर्मचारियों और बस स्टाफ की त्वरित मदद से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसी बीच ड्रायवर और क्लीनर फरार हो गए।
कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और वह जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलने पर रायसेन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित