चंडीगढ़ , जनवरी 30 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में विभिन्न योजनाओं के तहत संचालित होने वाली सभी निजी बसों के चालकों की अनिवार्य रूप से ड्राइविंग टेस्ट के माध्यम से जांच की जाएगी, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो।

सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही 400 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा देना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ईंधन पर निर्भरता कम करने और प्रदूषण घटाने की दिशा में अहम कदम है।

परिवहन मंत्री ने कहा कि हरियाणा रोडवेज के बस बेड़े को चरणबद्ध तरीके से मजबूत किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही सभी रोडवेज बसों में अत्याधुनिक डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम लगाए जा रहे हैं, जिससे बसों की लाइव लोकेशन और समय-सारिणी की सटीक जानकारी यात्रियों को मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि राज्य के सभी बस अड्डों पर एयरपोर्ट की तर्ज पर डिजिटल स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिन पर बसों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी प्रदर्शित होगी। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए एक मोबाइल एप भी विकसित किया जा रहा है।

श्री विज ने कहा कि बसों की रूट मॉनिटरिंग पूरी तरह डिजिटल होगी। रूट से भटकने वाली बसों की जानकारी तुरंत सिस्टम में उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हरियाणा में परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित, भरोसेमंद और स्मार्ट बनाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित