चंडीगढ़ , फरवरी 26 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष परमजीत सिंह कैंथ ने गुरुवार को कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के एक नेता द्वारा कथित रूप से 'प्री-वेडिंग शूट' के लिए पुलिस बल का उपयोग लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है।
श्री कैंथ ने कहा कि यदि सत्ताधारी दल से जुड़े किसी व्यक्ति की निजी छवि निर्माण के लिए राज्य की पुलिस मशीनरी का उपयोग किया गया है, तो यह केवल अधिकारों का दुरुपयोग नहीं बल्कि संस्थागत राजनीतिकरण का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग किसी भी राजनीतिक दल की निजी संपत्ति नहीं है। यह एक संवैधानिक संस्था है, जिसका दायित्व जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाये रखना है। यदि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पुलिस को राजनीतिक साधन में परिवर्तित किया जा रहा है, तो यह पंजाब की प्रशासनिक निष्पक्षता के लिए गंभीर संकेत है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की तथा दोषी अधिकारियों या राजनीतिक व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।
श्री कैंथ ने कहा कि पंजाब पहले से ही गंभीर सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे का नेटवर्क और सुरक्षा खतरे बढ़ रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि में गुरदासपुर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट दो पुलिसकर्मियों की हत्या की घटना ने स्थिति को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। ऐसे समय में पुलिस बल का ध्यान निजी प्रचार गतिविधियों की ओर मोड़ना पूरी तरह अनुचित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित