बैतूल , अप्रैल 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक निजी अस्पताल से लापता हुए मरीज का शव माचना नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इटावा थाना बोरदेही निवासी इशोप पंडोले (लगभग 58-60 वर्ष) को 31 मार्च 2026 को किडनी में पथरी की शिकायत के चलते शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका उपचार आयुष्मान योजना के तहत चल रहा था और 3 अप्रैल तक उनकी एंट्री पोर्टल पर दर्ज थी।

बताया गया है कि 3 अप्रैल को मरीज अचानक अस्पताल से लापता हो गया। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में उसे बाहर जाते हुए देखा गया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उस समय मरीज के साथ एक अटेंडेंट मौजूद था और इसकी जानकारी परिजनों को दी गई थी, जबकि परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों ने पहले स्वयं तलाश की और बाद में 5 अप्रैल को कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच भयावाड़ी क्षेत्र के पास माचना नदी में एक शव मिलने की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला।

प्रारंभिक जांच में शव 5 से 6 दिन पुराना पाया गया, जिसकी पहचान इशोप पंडोले के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मरीज अस्पताल से नदी तक कैसे पहुंचा और उसकी मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित