चंडीगढ़ , अप्रैल 18 -- हरियाणा में नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की राज्य संकल्प पत्र निर्माण समिति की पहली बैठक गुरुग्राम स्थित पार्टी कार्यालय गुरुकमल में आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने की, जिसमें समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में आगामी चुनाव के लिए विकासोन्मुख और जनहितकारी संकल्प पत्र तैयार करने पर गहन चर्चा की गयी।

बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं मंत्री विपुल गोयल, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष वेदपाल, पानीपत की मेयर कोमल सैनी तथा स्वच्छ भारत मिशन के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने अपने सुझाव साझा किये।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश पार्टी अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र आम जनता की आकांक्षाओं और जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी विकास और पारदर्शिता के एजेंडे के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

उन्होंने बताया कि आगामी बैठक दिल्ली में होगी, जिसमें संकल्प पत्र के साथ-साथ उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा की जाएगी और केंद्रीय नेतृत्व की अनुमति के बाद उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।

प्रदेश पार्टी अध्यक्ष ने जानकारी दी कि राज्य में सात स्थानों पर चुनाव प्रस्तावित हैं। रेवाड़ी, धारूहेड़ा, कुकलाना और सांपला में नगर पालिका और नगर परिषद के चुनाव होंगे, जबकि पंचकूला, सोनीपत और अंबाला में नगर निगम चुनाव आयोजित किये जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा को इन चुनावों में पूर्ण बहुमत मिलेगा।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू किया है, लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध कर महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' की नीति पर कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार बिना भेदभाव के जनहित के कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित