जयपुर, अप्रैल 18 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर के नाहरगढ़ जैविक उद्यान में बाघिन 'भक्ति' ने दो शावकों को जन्म हैं।
उप वन संरक्षक वन्यजीव चिडियाघर जयपुर विजय पाल सिंह ने बताया कि बाघिन ने शुक्रवार देर रात 2:26 एवं 2:50 बजे दो स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। श्री सिंह ने बताया किजन्म के काफी समय बाद तक बाघिन द्वारा शावकों को दूध न पिलाने के कारण उपनिदेशक, बहुउद्देशीय चिकित्सालय पांचबत्ती जयपुर द्वारा गठित पशु चिकित्सकीय बोर्ड के निर्णयानुसार दोनों शावकों को मां से अलग किया गया।
दोनों शावकों को तत्काल नाहरगढ़ जैविक उद्यान के पशु चिकित्सालय में संचालित नियो नेटल केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया। पशु चिकित्सा दल द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत डॉ. अरविन्द कुमार माथुर द्वारा शावकों को फीडिंग कराई गई।
वर्तमान में डॉ. माथुर द्वारा शावकों के स्वास्थ्य की सतत निगरानी एवं नियमित फीडिंग की जा रही है। साथ ही नाहरगढ़ जैविक उद्यान प्रशासन द्वारा तीन कार्मिकों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, जो आठ-आठ घंटे की पारी में शावकों की निरंतर देखभाल एवं निगरानी सुनिश्चित करेंगे। दोनों शावक फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित