जयपुर , मार्च 22 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में स्थित नाहरगढ़ जैविक उद्यान में रविवार को सैलानियों का सैलाब उमड़ पड़ा और एक ही दिन में छह हजार से अधिक पर्यटकों ने यहां पहुंचकर वन्यजीवों का दीदार किया।
सहायक वन संरक्षक देवेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि बदलते मौसम का सुहावना मिजाज और अवकाश का दिन होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक उद्यान की ओर आकर्षित हुए और रविवार को 6 हजार 29 सैलानियों ने उद्यान का भ्रमण कर वन्यजीवों को नजदीक से देखने का अनुभव प्राप्त किया, जो एक दिन में आने वाले पर्यटकों की अब तक की सर्वाधिक संख्या है।
श्री राठौड़ ने बताया कि इस दौरान लायन सफारी और टाइगर सफारी पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रही और 457 पर्यटकों ने इन दोनों सफारियों का रोमांचक अनुभव लिया। इस दौरान बाघों की गर्जना और शेरों की शाही चाल ने सैलानियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नाहरगढ़ जैविक उद्यान में संचालित टाइगर एवं लायन सफारी इन दिनों न केवल जयपुरवासियों के लिए ही नहीं बल्कि अन्य जिलों एवं राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। शहर के समीप प्राकृतिक हरियाली और वन्यजीवों का यह संगम पर्यटकों को पारिवारिक सैर के साथ रोमांच का अनूठा अनुभव प्रदान कर रहा है।
उपवन संरक्षक विजयपाल सिंह के निर्देशन में उद्यान में पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित