नाहन , मार्च 20 -- हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में गुरुवार शाम देहरादून-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर धौलाकुआं के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में राजस्व अधिकारी की मौत हो गयी है।
जिला पुलिस अधीक्षक एन. एस. नेगी ने बताया कि यह घटना शाम करीब 7:00 बजे की है। अधिकारी की पहचान कमराऊ तहसील के भजौन गांव निवासी वीरेंद्र सिंह (पुत्र गुमान सिंह) के रूप में हुई है। वीरेंद्र सिंह धौलाकुआं में ही राजस्व अधिकारी के पद पर तैनात थे।
पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र सिंह अपनी कार की डिग्गी खोलकर उसमें कुछ सामान रख रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वीरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित