पटना , मार्च 26 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने गुरूवार को नालंदा जिले में नगरनौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रखण्ड सामुदायिक उत्प्रेरक मंजीत प्रसाद को दस हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी श्रीमती बॉबी कुमारी ने पटना ब्यूरो, कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि प्रखण्ड सामुदायिक उत्प्रेरक मंजीत प्रसाद के द्वारा उनके आधार कार्ड में जन्म तिथि को सही करने, ऑन-लाईन करने एवं जिला अभिलेख में भी सुधार करवाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया।
सूत्रों ने बताया कि प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता श्रीराम चौधरी,के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया। धावादल ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त मंजीत प्रसाद को दस हजार रूपये रिश्वत लेते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नगरनौसा स्थित उसके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित