चंडीगढ़ , अप्रैल 13 -- राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीति में समान अवसर देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

फरीदाबाद स्थित भाजपा जिला कार्यालय 'अटल कमल' में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि यह अधिनियम संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर लोकतंत्र को और मजबूत बनाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। इसी सोच के तहत इस अधिनियम को लागू किया गया है, जिससे महिलाओं की नीति-निर्माण में भागीदारी बढ़ेगी। सुश्री चौधरी ने कहा कि उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और जन धन योजना जैसी पहलों ने महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद महिलाओं के लिए ठोस कदम नहीं उठाये गये।

इस दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा और महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने भी महिला सशक्तिकरण को लेकर केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित